पलामू: पंचायत स्तर पर ड्राइविंग लाइसेंस कैंप, 62 युवाओं को मौके पर मिला लर्निंग लाइसेंस

Palamu: आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, झारखंड के...

Palamu: आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार बुधवार को पंडवा प्रखंड के पतरा पंचायत क्लस्टर में पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन किया गया. इस कैंप में पतरा, छेछौरी, मझीगांवा एवं मुरमा पंचायत के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

पंचायत स्तर पर मिली सुविधा

कैंप में परिवहन विभाग की टीम सभी आवश्यक तकनीकी उपकरणों एवं संसाधनों के साथ पंचायत पहुंची, जिससे ग्रामीणों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ी. इससे समय, धन और श्रम. तीनों की बचत हुई तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधा उपलब्ध कराई गई. प्रेस विज्ञप्ति तैयार किए जाने तक कुल 106 लर्निंग लाइसेंस आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 62 युवाओं को ऑन-द-स्पॉट लर्निंग लाइसेंस प्रदान किया गया.

सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

इस अवसर पर मोटरयान निरीक्षक एवं सड़क सुरक्षा प्रबंधक ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस केवल वाहन चलाने की अनुमति नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है. उन्होंने सभी से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करने की अपील की.

उपायुक्त ने की अपील

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाना अत्यंत चिंताजनक विषय है. दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन और प्रत्येक नागरिक की जागरूकता आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों तक परिवहन विभाग की सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर रहा है, ताकि दूर-दराज के ग्रामीणों को बिना किसी परेशानी के ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा मिल सके.

Also Read: झारखंड में बिजली व्यवस्था को सुधारने की कड़ी कवायद, सीएम ने दिए ग्रिड और ट्रांसमिशन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

गुड सेमेरिटन और हिट एंड रन योजना की जानकारी

कैंप के दौरान सड़क सुरक्षा प्रबंधक विनीत कुमार ने गुड सेमेरिटन एवं हिट एंड रन योजना की भी विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की सहायता कर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है. ऐसे नेक नागरिकों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है. साथ ही हिट एंड रन मामलों में पात्र पीड़ित परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है.

उपस्थित रहे अधिकारी

इस अवसर पर मोटरयान निरीक्षक, सड़क सुरक्षा प्रबंधक, जिला परिवहन कार्यालय के बड़ा बाबू, विभागीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *