Ranchi: राजधानी रांची में अब गाड़ी पार्क करना और महंगा पड़ सकता है. नगर निगम ने शहर के 12 प्रमुख और व्यस्त इलाकों में पार्किंग स्टैंड की लीज के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस बार पार्किंग स्थलों की बेस प्राइस काफी ऊंची रखी गई है, जिससे आने वाले दिनों में आम जनता को ज्यादा पार्किंग शुल्क चुकाना पड़ सकता है.
कई प्रमुख लोकेशन नीलामी में शामिल
नगर निगम की सूची के अनुसार, मेन रोड, कचहरी, लालपुर, अशोक नगर समेत कई प्रमुख लोकेशन को नीलामी में शामिल किया गया है. इनमें सबसे महंगी पार्किंग अटल स्मृति वेंडर मार्केट की है, जिसकी शुरुआती कीमत ही 24.22 लाख रुपये से अधिक तय की गई है. नगर निगम की इस पहल से शहर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की कोशिश तो होगी, लेकिन बढ़ी हुई बोली का सीधा असर आम वाहन चालकों की जेब पर पड़ना तय माना जा रहा है.
इन जगहों पर होगी सबसे ज्यादा होड़
- अटल स्मृति वेंडर मार्केट – ₹24.22 लाख+
- जयपाल सिंह स्टेडियम के सामने – ₹14.36 लाख+
- चर्च कॉम्प्लेक्स से नाइस फर्नीचर – ₹12.57 लाख+
- न्यूक्लियस मॉल के सामने – ₹12.10 लाख+
- बालकृष्ण सहाय रोड – ₹7.90 लाख+
- स्मार्ट बाजार (मेन रोड) – ₹5.37 लाख+
इन सभी जगहों पर प्री-बिड (सुरक्षा राशि) भी लाखों रुपये में तय की गई है, जिससे साफ है कि पार्किंग के ठेके के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा होने वाली है.
8 मई को ई-नीलामी
पार्किंग ठेका लेने के इच्छुक व्यक्ति या फर्म को 7 मई 2026 तक EMD जमा करना होगा. इसके बाद 8 मई को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ई-नीलामी आयोजित की जाएगी. इच्छुक बिडर्स MSTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं.
पहले साइट विजिट की सलाह
नगर निगम ने बिडर्स को बोली लगाने से पहले संबंधित पार्किंग स्थलों का भौतिक निरीक्षण करने की सलाह दी है, ताकि वे सही आकलन के साथ नीलामी में भाग ले सकें.
