NEWS DESK: 22 अप्रैल को बड़कागांव–हजारीबाग मार्ग के 13 माइल के समीप एनटीपीसी पकरी बरवाडीह कोल माइंस से जुड़े ट्रांसपोर्टिंग हाईवा में आग लगा दी गई थी. इस घटना का बड़कागांव पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया.चार अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद.पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 3 पिस्टल, 11 जिंदा गोलियां, 4 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 9 हस्तलिखित पर्चे बरामद किए गए हैं.
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल गैंग ने पर्चे के माध्यम से जिम्मेदारी ली थी.
SIT टीम ने की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. टीम ने तुरंत छापेमारी अभियान चलाया और संदिग्धों की तलाश शुरू की.
चंदौल में घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि चंदौल गांव के हथिया पत्थर इलाके में कुछ अपराधी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन चार लोगों को पकड़ लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद एजाज (21 वर्ष), मोहम्मद आफताब (22 वर्ष), सलामत अंसारी (24 वर्ष) और तुषार सिन्हा (22 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी पुंदौल (चंदौल), थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग के निवासी हैं.
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 22 अप्रैल को हाईवा में आग लगाकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी. इस दौरान एक अपराधी आंशिक रूप से घायल भी हुआ था.
राहुल दुबे के निर्देश पर वारदात
पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना राहुल दुबे के कहने पर अंजाम दी गई थी. साथ ही 23 अप्रैल को भी कई हाइवा में आग लगाने की योजना बनाई जा रही थी.
पहले भी जेल जा चुके हैं आरोपी
एसपी ने बताया कि मोहम्मद एजाज और सलामत अंसारी पहले से राहुल दुबे गैंग के लिए काम कर रहे थे और उरीमारी क्षेत्र में वाहन जलाने के मामले में जेल जा चुके हैं.
आरोपियों पर पहले से कई केस दर्ज
मोहम्मद एजाज पर बड़कागांव थाना के कई कांड दर्ज हैं. वहीं सलामत अंसारी के खिलाफ भी बड़कागांव, उरीमारी और टंडवा थाना में कई मामले दर्ज हैं.
छापेमारी टीम में कई अधिकारी शामिल
इस कार्रवाई में एसडीपीओ अमित आनंद, एसडीपीओ पवन कुमार, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, एसआई राकेश खवास, अभिषेक कुमार और तकनीकी शाखा की टीम सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे.
ALSO READ: ऑनलाइन गेमिंग पर सरकार का बड़ा फैसला, 1 मई से लागू होंगे नए नियम
