News Desk: गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. वेस्टर्न रेलवे ने समस्तीपुर जंक्शन से उधना स्टेशन के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इस ट्रेन के संचालन से लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
ट्रेन का समय और संचालन तिथि
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 09070 समस्तीपुर-उधना स्पेशल 25, 26, 28, 29, 30 अप्रैल और 1 मई को शाम 7:00 बजे समस्तीपुर जंक्शन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:45 बजे उधना पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09069 उधना-समस्तीपुर स्पेशल 24, 25, 27, 28, 29 और 30 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे उधना से चलेगी और अगले दिन दोपहर 4:00 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी.
कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलेगी. इनमें बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं.
Read Also: बड़कागांव में हाईवा जलाने की साजिश फेल, 4 अपराधी हथियार के साथ पकड़े गए
मजदूरों और आम यात्रियों के लिए राहत
यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन खासतौर पर मजदूरों, कामकाजी लोगों और सामान्य यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी. बिना रिजर्वेशन के यात्रा करने की सुविधा मिलने से यात्रियों को टिकट की परेशानी से राहत मिलेगी.
रेलवे की सलाह
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की तारीख और समय की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके.
