pakud : एसपी कार्यालय सभागार में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी की बैठक में एसपी अनुदीप सिंह ने जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए. बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा की गई और फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों को रणनीति बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया. बैठक के दौरान एसपी ने विशेष रूप से पॉक्सो (POCSO) और एनडीपीएस (NDPS) मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर केसों का निष्पादन किया जाए.
आगामी मुहर्रम पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष चर्चा की गई. एसपी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग मुख्यालय को भेजी गई है. साथ ही होमगार्ड जवानों की तैनाती की जाएगी. सभी थाना प्रभारियों को शांति समिति की बैठक आयोजित करने और जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है. सड़क सुरक्षा को लेकर भी बैठक में दिशा-निर्देश दिए गए. एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए. एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस मुख्यालय के सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनी रहे.
Also Read : NCORD समिति की बैठक में नशे के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त, तस्करी और अवैध खेती पर होगी कड़ी कार्रवाई



