Simdega: जिले में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है. इसी कड़ी में सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी हेड क्वार्टर रणवीर सिंह ने बताया कि कुरडेग थाना पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रेंगारबहार के समीप कुछ लोग प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी में संलिप्त हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया.

Also Read: झारखंड की रेशमी उड़ान: तसर और बुनाई ने बदली गांवों की तकदीर, 900% तक बढ़ा कारीगरों का मुनाफा
छापेमारी में तीन गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन और एक ऑल्टो कार को संदिग्ध अवस्था में रोकने का प्रयास किया. हालांकि अंधेरा होने का लाभ उठाकर पिकअप वाहन में लदे मवेशी इधर उधर भाग निकले. बावजूद इसके पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की.
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में सिसई निवासी मो आयूब, मो शाहबाज तथा एक स्थानीय व्यक्ति केशव यादव शामिल हैं. पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
अभियान रहेगा जारी
डीएसपी ने कहा कि पशु तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
