Ranchi: झारखंड पॉलीटेक्निक प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है. कल यानी 12 जुलाई को राजधानी के 11 परीक्षा केंद्रों पर हजारों छात्र इस परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त रखने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने सभी केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों या अनावश्यक भीड़ लगाने वाले अभिभावकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कब से कब तक लागू रहेंगी पाबंदियां
यह निषेधाज्ञा कल यानी 12 जुलाई को सुबह 07:30 बजे से शाम 04:00 बजे तक प्रभावी रहेगी. हालांकि, छात्रों की परीक्षा का मुख्य समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक ही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पाबंदियां सुबह से ही लागू हो जाएंगी.
• भीड़ लगाने पर रोक: सरकारी कर्मचारियों को छोड़कर 5 या उससे अधिक लोग एक जगह जमा नहीं हो सकते.
• हथियारों पर पाबंदी: लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला या किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध है.
• लाउडस्पीकर बैन: ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर/माइक) का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा.
• सभा करने पर रोक: किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा के आयोजन की अनुमति नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: विश्व रिकॉर्ड बनाने वाली डॉ. मेघा रानी से मिले अनिल अमिताभ पन्ना, दी बधाई
इन 11 केंद्रों पर रहेगी पैनी नजर
रांची के जिन प्रमुख स्कूलों और कॉलेजों में परीक्षा होनी है, उनमें प्रमुख रूप से विवेकानन्द विद्या मंदिर (धुर्वा), सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (धुर्वा), मनन विद्या (बूटी रोड), सेंट एनीज कॉलेज और स्कूल (पुरुलिया रोड), सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेंट पॉल कॉलेज व स्कूल (चर्च रोड), छोटानागपुर पब्लिक स्कूल, सेंट मार्गरेट गर्ल्स हाई स्कूल और उर्सुलिन इंटर कॉलेज शामिल हैं. इन सभी जगहों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है.


