Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल के डीवीसी की आवासीय कॉलोनी सहित निजी कॉलोनियों में इन दिनों बिजली की चरमराई व्यवस्था और प्रबंधन की बेरुखी के कारण हालात बदतर हो गए हैं. पिछले एक पखवाड़े से जारी बेतहाशा बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है.
आठ-आठ घंटे कटौती से जनजीवन प्रभावित
भीषण गर्मी और उमस के बीच प्रतिदिन 8 घंटे तक बिजली गुल रहने से न सिर्फ आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है, बल्कि एडीएम बिल्डिंग, अस्पताल, पोस्ट ऑफिस और बैंकों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है. बिजली कब आएगी और कब जाएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है.
केबल जलने से बढ़ी समस्या
बिजली संकट तब और गहरा गया जब तीन दिन पूर्व स्विच यार्ड के पास मुख्य सप्लाई केबल जलकर खाक हो गया. इस खराबी को ठीक करने के नाम पर कई दिनों तक घंटों बिजली काटी गई, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और कामगार वर्ग रातभर जागने को मजबूर हुआ.
ALSO READ: DVC बोकारो थर्मल में विस्थापितों के साथ जीएम एचआर की बैठक, फर्जीवाड़े पर प्रबंधन सख्त
यूनियन की चेतावनी, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
डीवीसी सप्लाई मजदूर यूनियन के संयुक्त मोर्चा के संयोजक ब्रजकिशोर सिंह ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ही फीडर पर क्षमता से अधिक लोड डालने के कारण केबल बार-बार जल रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था जल्द नहीं सुधरी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.
प्रबंधन ने दी सफाई
डीजीएम (विद्युत) सुरजीत सिंह ने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण केबल जलने से समस्या उत्पन्न हुई थी. उन्होंने कहा कि बुधवार को केबल बदलने का कार्य पूरा कर लिया गया है और फॉल्ट के कारण ही उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा.
