Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाली पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर लीग संचालन परिषद की बैठक बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में परिषद के अध्यक्ष सह जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मूंधड़ा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में प्रतियोगिता की पूरी रूपरेखा तय की गई. प्रतियोगिता का संचालन करने वाली कंपनी स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई.

अनावरण समारोह में ये रहेंगे मौजूद
बैठक में निर्णय लिया गया कि पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग की ट्रॉफी का अनावरण 27 अगस्त को सुबह 11 बजे होटल सैफरन सूट में किया जाएगा. ट्रॉफी अनावरण समारोह में जिले के आला अधिकारियों के साथ झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, सचिव सौरभ तिवारी और संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित सभी फ्रेंचाइजी के मालिक मौजूद रहेंगे.
फैनकोड पर किया जाएगा सभी मैचों का सीधा प्रसारण
प्रतियोगिता के नियमों को भी बैठक में अनुमोदित किया गया. भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार करने की जिम्मेदारी जिला क्रिकेट संघ के महासचिव को सौंपी गई है. महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा.
लीग में 06 फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा
लीग में 06 फ्रेंचाइजी टीमें चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान टाइटंस, चक्रधरपुर रॉयल्स, सारंडा वारियर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स और जगन्नाथपुर टाइगर्स हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता के सभी मुकाबले ओपन लीग आधार पर खेले जाएंगे. लीग चरण के बाद अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. फाइनल मुकाबला 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के अवसर पर खेला जाएगा.
लीग के आइकॉन खिलाड़ियों में ये हैं शामिल
लीग के आइकॉन खिलाड़ियों में झारखंड रणजी टीम के कप्तान विराट सिंह, कोलकाता नाइट राइडर्स के अनुकूल राय, इंडिया ए टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियंस के विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, राजस्थान रॉयल्स के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा और हाल ही में झारखंड टी-20 लीग में शानदार प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह शामिल हैं.
फ्रेंचाइजी मालिकों के चयन के बाद खिलाड़ियों की नीलामी होगी. इसमें पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित करीब 125 खिलाड़ी शामिल होंगे.
यह भी पढ़ें: जामताड़ा में ट्रेनों का विनियमन, दो मेमू ट्रेनें रद्द

