Hazaribagh: कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर चौक स्थित होटल यमुना पैलेस में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित अवैध देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने होटल में छापेमारी कर तीन युवकों और दो युवतियों को बरामद किया है. कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से आपत्तिजनक सामग्री, फटे कंडोम के रैपर, कंडोम के डिब्बे और आगंतुक रजिस्टर भी जब्त किए गए.

चार लोग गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, होटल मालिक और संचालक दलालों के साथ मिलकर विभिन्न क्षेत्रों से युवतियों को बुलाकर अवैध देह व्यापार के उद्देश्य से कमरे उपलब्ध करा रहे थे. इससे इलाके के सामाजिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था. इस मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 82/26, दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने होटल मालिक रामेश्वर प्रसाद सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में धमेन्द्र चौधरी, सोनू कुमार और आसिफ अजहर शामिल हैं.
पुलिस ने आम लोगों से की अपील
छापेमारी अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सह पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में चलाया गया. टीम में कोर्रा थाना, महिला थाना एवं अन्य पुलिस अधिकारियों व जवानों की सक्रिय भागीदारी रही. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है, कि यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियों की सूचना मिले तो तत्काल कंट्रोल रूम या डायल 112 पर जानकारी दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
यह भी पढ़ें: खड़गपुर मंडल में तकनीकी कार्य का असर, कई ट्रेनों के समय में बदलाव
