Saraikela: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया . इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों से क्रमवार मिलकर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया .
विभिन्न मुद्दों पर लोगों ने रखी शिकायतें
जनता दरबार में मुख्य रूप से कांड्रा मुख्य मार्ग पर लकड़ी के खंभों में लगे जर्जर एवं झूलते विद्युत तारों को सुरक्षा की दृष्टि से बदलने, सड़क अतिक्रमण एवं नालियों के गंदे पानी के बहाव से जनजीवन प्रभावित होने, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के लंबित द्वितीय किस्त भुगतान, नीमडीह एवं खरसावां प्रखंड के लैम्प्स में धान विक्रय के उपरांत बायोमेट्रिक एवं ऑनलाइन प्रविष्टि लंबित रहने, शहीद पार्क खरसावां में रख-रखाव हेतु माली की नियुक्ति, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मातृभाषा आधारित पढ़ाई फिर से शुरू करने तथा पेसा अधिनियम के अनुसार चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए . इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा और जन वितरण प्रणाली से संबंधित कई अन्य आवेदन भी दिए गए .
कई मामलों का मौके पर ही समाधान
प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया . बाकी मामलों के जल्द समाधान के लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए .
