Palamu: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रदेश की वर्तमान सरकार और उसमें शामिल कांग्रेस मंत्रियों पर तीखा हमला बोला है. दो दिवसीय दौरे पर पलामू पहुंचे रघुवर दास ने मंगलवार को मेदिनीनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषा विवाद को लेकर कांग्रेस की दोहरी नीति अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है.
कैबिनेट में रजामंदी और बाहर विरोध की राजनीति
रघुवर दास ने कांग्रेस मंत्रियों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार में शामिल कांग्रेस के चार मंत्री कैबिनेट की बैठक में तो सरकारी निर्णयों पर चुपचाप अपनी सहमति दे देते हैं, लेकिन जैसे ही बाहर जनता या युवाओं का विरोध शुरू होता है, वही मंत्री खुद को पाक-साफ दिखाने के लिए सरकार को ही निर्णय बदलने की चिट्ठी लिखने लगते हैं. कांग्रेस की इस दोहरी नीति को झारखंड की जनता अच्छी तरह समझ रही है और सही समय आने पर इन्हें कड़ा सबक सिखाएगी.
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य की सरकार पर प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों के मामले में देश के सबसे अमीर राज्यों में से एक है, लेकिन सही नीति और नीयत न होने के कारण इसका लाभ जनता को नहीं मिल रहा है. प्राकृतिक संसाधनों से आने वाला भारी-भरकम राजस्व सरकारी खजाने में जमा होने के बजाय झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास जा रहा है. संसाधनों की खुली लूट मची है, जिससे राज्य समृद्धि की ओर जाने के बजाय पीछे धकेला जा रहा है और सत्ताधारी दल मालामाल हो रहा है.
पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
रघुवर दास ने राज्य में लगातार हो रहे पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है. राज्य में नियुक्तियों की पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है और यहां का युवा आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है. राज्य सरकार पर हमला बोलने के साथ ही रघुवर दास ने केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल की जमकर सराहना की. उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और साल 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा.
विधायक आलोक चौरसिया के पिता की पुण्यतिथि में हुए शामिल
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया के पिता की पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पलामू आए हुए थे. पुण्यतिथि स्थल पर रवाना होने से ठीक पहले उन्होंने मेदिनीनगर में पत्रकारों से बातचीत की और राज्य की बदहाल राजनीतिक व प्रशासनिक व्यवस्था पर अपनी बात रखी.
ALSO READ: राज्यसभा चुनाव में होटल पॉलिटिक्स की एंट्री, तो क्या कांग्रस से ज्यादा बीजेपी डरी हुई है?



