Jamtara: के कंबाइंड बिल्डिंग रोड स्थित सर्किट हाउस के समीप मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. पंजाब नेशनल बैंक जा रहा एक ऑटो अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में ऑटो में सवार चार महिलाएं समेत चालक घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय ऑटो में कुल आठ लोग सवार थे. हादसे में रासमुन्नी टुडू, पूनम मुर्मू, बालिका मनी और चांदमुनी टुडू घायल हो गईं. सभी घायल करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नवाकोल गांव की रहने वाली बताई जा रही हैं. वहीं ऑटो चालक दुर्योधन महतो को भी चोटें आई हैं.
तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला
घायलों ने बताया कि वे सभी ऑटो से पंजाब नेशनल बैंक, जामताड़ा जा रही थीं. इसी दौरान सर्किट हाउस के पास सामने से एक बोलेरो और टोटो वाहन आ गया, जिससे ऑटो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ऑटो पलट गया. घटना के समय वहां से गुजर रहे जामताड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉक्टर सत्यनारायण ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को ऑटो से बाहर निकाला. इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. ऑटो चालक दुर्योधन महतो ने बताया कि वह नवाकोल से सवारियां लेकर पंजाब नेशनल बैंक जा रहा था. रास्ते में अचानक सामने वाहन आने के कारण संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया.
AlsoRead:लालू के ‘हनुमान’ संभालेंगे मोर्चा, राज्यसभा चुनाव के लिए राजद ने भोला यादव को बनाया पोलिंग एजेंट



