Ranchi : राजधानी की लोअर बाजार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खादगढ़ा बस स्टैंड से एक युवक को भारी मात्रा में गांजा के साथ दबोचा है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कादंबरी निवासी 19 वर्षीय रोहित यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से नीले और काले रंग के बैग में छिपाकर रखे गए कुल चार पैकेट गांजा बरामद किया है, जिसका कुल वजन करीब 4 किलोग्राम बताया जा रहा है. आरोपी यह खेप ओडिशा के संबलपुर से लेकर आया था और इसे खपाने के लिए बस के जरिए गिरिडीह ले जाने की फिराक में था.
यह भी पढ़ें : हाईकोर्ट के पुराने भवन में फिर होगी सुनवाई, जानियें किस मामले में बैठेगी कोर्ट
गुप्त सूचना पर बस स्टैंड में छापेमारी
पुलिस को 27 अप्रैल की रात करीब 10.45 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन से गांजा की बड़ी खेप लेकर बस स्टैंड की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही खादगढ़ा टीओपी प्रभारी और लोअर बाजार थाना की टीम ने खादगढ़ा बस स्टैंड में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की. इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसकी तलाशी लेने पर बैग से ब्राउन सेलोटेप से लिपटे हुए गांजे के पैकेट बरामद हुए.
संबलपुर से जुड़ा है तस्करी का तार
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार रोहित यादव ने पुलिस को बताया कि वह गांजे की इस खेप को ओडिशा के संबलपुर से खरीदकर रांची लाया था. यहां से उसे बस पकड़कर गिरिडीह जाना था, जहां वह इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था. पुलिस अब इस मामले में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबलपुर में वह किसके संपर्क में था और गिरिडीह में यह गांजा किसे डिलीवर किया जाना था.
यह भी पढ़ें : गोलगप्पा कांड में आरोपी विक्रेता गिरफ्तार, जेल भेजा गया
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले को लेकर लोअर बाजार थाना में कांड संख्या-77/26 दर्ज की गई है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ii)(b) और 22(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपी के पास से एक रेडमी कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल भी जब्त किया है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
इस सफल कार्रवाई में लोअर बाजार थाना प्रभारी लव कुमार सिंह, खादगढ़ा टीओपी प्रभारी अभिषेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार रजक और आरक्षी नवीन व गौतम कुमार की मुख्य भूमिका रही.
