Ranchi: रांची नगर निगम ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई है. अप्रैल 2026 से 24 जुलाई 2026 तक निगम ने कुल 7,991 प्रमाण पत्र जारी किए हैं. इनमें 6,416 जन्म प्रमाण पत्र और 1,575 मृत्यु प्रमाण पत्र शामिल हैं. नगर निगम के अनुसार, यह सेवा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 और राइट टू सर्विस (RTS) अधिनियम के तहत तय समय-सीमा में दी जा रही है, ताकि लोगों को बिना परेशानी के प्रमाण पत्र मिल सके.
इतने आवेदन अभी लंबित
24 जुलाई तक जन्म प्रमाण पत्र के 587 आवेदन लंबित हैं. इनमें 386 आवेदन जरूरी दस्तावेज या जानकारी अधूरी होने के कारण संबंधित अस्पतालों से स्पष्टीकरण के लिए भेजे गए हैं, जबकि 201 आवेदन एसडीओ/डीएसओ स्तर पर मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, मृत्यु प्रमाण पत्र के 236 आवेदन लंबित हैं. इनमें 92 आवेदन अस्पतालों से स्पष्टीकरण के लिए भेजे गए हैं और 144 आवेदन डीएसओ स्तर पर लंबित हैं. नगर निगम ने बताया कि लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के लिए संबंधित विभागों और अस्पतालों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: रांची में मुफ्त इलाज का बड़ा तोहफा, 22 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर जल्द खुलेंगे
नागरिकों से अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी भी बिचौलिए के चक्कर में न पड़ें. आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज सही और पूरे जमा करें, ताकि प्रमाण पत्र बनने में देरी न हो. साथ ही निगम क्षेत्र के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम को निर्देश दिया गया है कि वे जन्म और मृत्यु की हर घटना का समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करें, जिससे लोगों को समय पर प्रमाण पत्र मिल सके.
