Ranchi : रांची जिले में नौका विहार के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बिना लाइफ जैकेट के पर्यटकों को नौका विहार कराने वाले संचालकों का लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया जाएगा. साथ ही बिना सुरक्षा व्यवस्था के संचालन पर दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी. बैठक में यह भी कहा गया कि नौका संचालन के दौरान मौसम की स्थिति का विशेष ध्यान रखना अनिवार्य होगा. सभी संचालित नावों के फिटनेस सर्टिफिकेट की जिला स्तर पर जांच की जाएगी ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके. आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए जिला स्तर पर वाटर ट्रांसपोर्ट एक्शन ग्रुप के गठन का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें : ऑनलाइन गेमिंग के जरिए फंसाकर युवती का अपहरण, पाकिस्तान के बॉर्डर पर मिला लोकेशन

बोटिंग स्थल पर नशापान पूरी तरह प्रतिबंधित
इसके अलावा सभी जलाशयों पर सूचना पट लगाने और बोटिंग स्थल पर नशा पान पूरी तरह प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक में एसपी ग्रामीण, सदर एसडीओ, टूरिज्म ऑफिसर, डीटीओ, स्पोर्ट्स ऑफिसर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और नौका विहार संचालक उपस्थित थे. वर्तमान में जिले के धुर्वा डैम और कांके डैम में नौका विहार संचालित हो रहा है.
