Click Here
Click Here
Click Here

काले बादलों से ढका रांची का आसमान, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. करीब चार बजे आसमान पर काले बादल छा...

ranchi weather news
एआई इमेज

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में रविवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया. करीब चार बजे आसमान पर काले बादल छा गए और तेज गर्जन के साथ बिजली चमकने लगी. अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को चौंका दिया. हालांकि, रांची में बारिश हल्की ही हुई, लेकिन मौसम में आई ठंडक से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली.

अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर 

राज्य के अन्य हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिला. जमशेदपुर, कोडरमा समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण झारखंड के कई इलाकों में बादल, बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी हुई है.

कहीं तेज गर्मी, तो कहीं सुहावना मौसम

राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में भी काफी अंतर देखने को मिला. डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री रहा. यहां दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया.

वहीं, लातेहार में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा. यहां अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज हुआ. हल्की ठंडी हवाओं के कारण दिन अपेक्षाकृत आरामदायक महसूस हुआ. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है.

देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, पलामू और कोडरमा जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. वहीं जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जैसे दक्षिणी जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान राज्य के अधिकांश हिस्सों में 18 से 21 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.

इन जिलों में मौसम को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है. बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी, रामगढ़, देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

वहीं पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, चतरा और सिमडेगा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें. हालांकि तापमान में हल्की गिरावट के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.

यह भी पढ़ें: एजी की रिर्पोटः झारखंड में धान खरीद में अनियमितता, किसानों को 775 दिन बाद किया गया भुगतान

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *