Chaibasa : प्रोजेक्ट जागृति “बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” अभियान के तहत आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन के निमित्त जिला प्रशासन, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा आज “रन फॉर योगा” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर से किया गया, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान, चाईबासा में पूरा हुआ. कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से स्लोगन, पोस्टर एवं होर्डिंग के माध्यम से शहरवासियों को योग अपनाने का संदेश दिया.
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं गणमान्यजनों को नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को जिला, अनुमंडल, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. उन्होंने सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की. उप विकास आयुक्त ने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन का आधार है. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला शिक्षा अधीक्षक, उपसमाहर्ता नजारत, जिला खेल पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
Also Read : अमेरिका-ईरान शांति समझौते से भारत को बड़ा फायदा, तेल और चाबहार पोर्ट पर राहत



