Palamu : मेदिनीनगर सदर अनुमंडल के नवनियुक्त अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सह SDM संजय कुमार पांडे ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया. इस अवसर पर निवर्तमान SDO सुलोचना मीणा ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर कार्यभार सौंपा तथा नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं.
कर्मचारियों एवं स्थानीय गणमान्य लोगों ने नए SDO का स्वागत किया
कार्यभार संभालते ही SDO संजय कुमार पांडे ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि मेदिनीनगर सदर अनुमंडल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें. उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गति तेज करने पर भी विशेष जोर दिया. श्री पांडे ने कहा कि अनुमंडल का सर्वांगीण विकास और बेहतर प्रशासन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी और सहयोग भी आवश्यक है. उन्होंने क्षेत्रवासियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि आम लोगों की शिकायतों, समस्याओं और जरूरी प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन पूरी पारदर्शिता एवं त्वरित गति से किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा.

Also Read : जामताड़ा: नारायणपुर को मिले नए बीडीओ, कमलेश कुमार दास ने संभाला पदभार


