Saraikela: नारायण प्राइवेट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन रविवार को किया गया. यह समारोह जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के केपी हॉल में आयोजित किया गया. NCVT से मान्यता प्राप्त और पांच सितारा ग्रेड प्राप्त इस संस्थान में प्रशिक्षण पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय थे. कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत के गणमान्य लोग, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
कौशल ही आज रोजगार की कुंजी- सरयू राय
मुख्य अतिथि सरयू राय ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा, कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया, कि वे अपने कौशल का सदुपयोग कर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि कौशल ही आज रोजगार की कुंजी है. आप सभी ने मेहनत कर यह प्रमाण पत्र प्राप्त किया है. अब अपने ज्ञान और हुनर से न सिर्फ अपना भविष्य बनाएं, बल्कि राज्य और देश के विकास में भी योगदान दें.

वहीं संस्थान प्रबंधन ने कहा, कि दीक्षांत समारोह केवल प्रमाण पत्र वितरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और उपलब्धियों का सम्मान भी है. संस्थान का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है.
सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान सफल प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. उपलब्धि पर विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता जताई और संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया. पूरा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. संस्थान ने कहा कि आने वाले समय में भी कौशल आधारित प्रशिक्षण को और विस्तार दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा रोजगार के लिए तैयार हो सकें.
यह भी पढ़ें: कोडरमा: भाजपा अनुसूचित मोर्चा की बैठक संपन्न, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान


