सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ओरया पंचायत में उपायुक्त के निर्देशानुसार लाह उत्पादन को बढ़ावा देने और चयनित किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 170 लाह किसानों के बीच सिडकोफेड (SIDKOFED) के माध्यम से एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-टूल किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया.

उन्नत खेती, वैज्ञानिक तकनीकों और विपणन की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा किसानों को लाह की उन्नत खेती, वैज्ञानिक तकनीकों, रोग नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं विपणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं. विशेषज्ञों द्वारा किसानों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया तथा आधुनिक पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे उत्पादन को और बेहतर बना सकें।
किसानों के बीच टूल किट का भी किया गया वितरण
इस अवसर पर चयनित किसानों के बीच टूल किट का वितरण किया गया, जिससे वे लाह उत्पादन से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से कर सकें.
लाह उत्पादन से रोजगार और आय बढ़ाने की संभावनाएं
कार्यक्रम में बताया गया कि लाह उत्पादन में अपार संभावनाएं हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है. किसानों को समूह बनाकर काम करने, प्रशिक्षण का लाभ उठाने और सरकारी योजनाओं से जुड़कर अधिक से अधिक फायदा लेने के लिए प्रेरित किया गया.
Also Read: रामगढ़ फैक्ट्री ब्लास्ट: मौत का आंकड़ा बढ़कर हुआ 5, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अन्य मजदूर
कार्यक्रम में कई अधिकारी और गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे.
