Ranchi: झारखंड के युवाओं के लिए भारतीय सिनेमा और डिजिटल मीडिया की दुनिया में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सुनहरा रास्ता साफ हो गया है. झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और देश के प्रतिष्ठित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट कोलकाता के बीच एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है. इस साझेदारी के तहत राज्य के युवाओं को फिल्म, मीडिया और क्रिएटिव इंडस्ट्री से जुड़ी विश्वस्तरीय तकनीकी शिक्षा और स्किलिंग का अवसर मिलेगा.
किन चीजों का मिलेगा प्रशिक्षण
शुरुआती चरण में युवाओं को साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग और फिल्म प्रोडक्शन जैसे उच्चस्तरीय विषयों में पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा. यह पहल केवल पारंपरिक रूप से बड़े पर्दे तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तेजी से उभरते ओटीटी और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जरूरतों के हिसाब से भी युवाओं को तैयार करेगी. इस कदम से झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर और स्थानीय प्रतिभाओं को न केवल राष्ट्रीय, बल्कि वैश्विक स्तर पर नया मंच और रोजगार के बेहतरीन अवसर मिलेंगे.
