Palamu: जिले के हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में आदर्श युवा जागृति मंच के तत्वावधान में स्वर्गीय धर्मदेव राम की स्मृति में आयोजित नॉकआउट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर बीडीओ हुसैनाबाद सुनील वर्मा, विशिष्ट अतिथि पलामू लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी सह आदर्श युवा जागृति मंच के संरक्षक जितेंद्र पासवान, हुसैनाबाद की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उषा देवी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
पहला मुकाबला: जपला किंग्स की जीत
उद्घाटन के बाद खेले गए पहले मुकाबले में जपला किंग्स ने अलीनगर को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस मैच में जपला टीम के संदीप कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरा मुकाबला: गम्हरिया की बड़ी जीत
वहीं दूसरे मुकाबले में गम्हरिया ने देवरी को 58 रनों से पराजित किया, जिसमें गम्हरिया के बल्लेबाज रोहित कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला. उद्घाटन दिवस पर दो मुकाबलों में कुल चार टीमों ने भाग लिया, जिसमें मुकाबले काफी रोमांचक रहे.
दर्शकों की भारी भीड़ से बढ़ा रोमांच
मैच के दौरान मैदान के चारों ओर बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ा दी और लोगों ने देर रात तक क्रिकेट का आनंद लिया.
अधिकारियों और अतिथियों के विचार
अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का प्रतीक है. ऐसे आयोजनों से युवाओं की प्रतिभा निखरती है और उन्हें अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है.
वहीं पलामू के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी जितेंद्र पासवान ने कहा कि खेलकूद युवाओं को सही दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है. इससे युवा सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ते हैं और समाज में बेहतर योगदान देते हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे इस तरह के मंच के माध्यम से नई पहचान मिलती है.
सांस्कृतिक भागीदारी और आयोजन व्यवस्था
मैच उद्घाटन समारोह में स्कूली बच्चों की भी सहभागिता रही, जिसमें रेड रोज पब्लिक स्कूल के बच्चे शामिल हुए, वहीं राष्ट्रगान सक्सेस पब्लिक स्कूल के छात्र द्वारा प्रस्तुत किया गया.
Also Read: चाईबासा ब्लड बैंक मामला: पांच बच्चों को संक्रमित खून चढ़ाने का आरोपी लैब टेक्नीशियन गिरफ्तार
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन राणा रंजीत सिंह एवं शक्ति सिंह ने किया, जबकि अंपायरिंग की जिम्मेदारी मनोज शर्मा और नदीम रिजवी ने निभाई. कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी के रूप में प्रदीप पटेल व रबिन्द्र कांस्कार उर्फ टंकी की अहम भूमिका रही.
आयोजन समिति की सक्रिय भूमिका
वहीं आदर्श युवा जागृति मंच के अध्यक्ष सुंदरम अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रभात कुमार, कोषाध्यक्ष अंकित सोनी, रवि गुप्ता, सदस्य अर्जुन पटेल, मनोज अग्रवाल, सरोज अग्रवाल, राहुल भगत, विकास चंदेल, शेखर अग्रवाल, स्वीटी गुप्ता, सौरव गुप्ता, सत्यम अग्रवाल, राहुल गुप्ता, बिपिन पटेल, विकास पटेल, अनुराग अग्रवाल, विकास मोदनवेल, अक्षय सिंह, अभिषेक कुमार, अभिषेक भगत, रिशु गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल, रंजीत सिंह, प्रेम प्रकाश सोनी, व्यवस्थापक प्रेमचंद चौधरी, अंतु चौधरी, मंजय चंदेल सहित कई लोग मौजूद रहे.
