ईचागढ़ में पुलिस की निगरानी से गायब हुआ जब्त अवैध बालू, प्रशासन पर उठे सवाल

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड में अवैध बालू कारोबार को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है. यहां प्रशासन...

Chandil: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड में अवैध बालू कारोबार को लेकर एक बार फिर बड़ा मामला सामने आया है. यहां प्रशासन द्वारा जब्त किया गया करीब 8 हजार सीएफटी अवैध बालू रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. घटना के बाद इलाके में पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.

जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को ईचागढ़ के अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने उत्क्रमित विद्यालय पुरानडीह के पास खाली जमीन पर अवैध रूप से डंप किए गए करीब 8 हजार सीएफटी बालू को जब्त किया था. ग्रामीणों की सूचना पर यह कार्रवाई की गई थी. बाद में जब्त बालू की निगरानी की जिम्मेदारी ईचागढ़ थाना को सौंपी गई थी.

ग्रामीणों का आरोप है कि बीती रात ट्रैक्टरों के जरिए बड़ी मात्रा में बालू वहां से हटा लिया गया. सुबह लोगों ने मौके पर ताजा टायर के निशान भी देखे. अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब 5 हजार सीएफटी बालू रातों-रात गायब कर दिया गया.

बालू माफियाओं को प्रशासन का डर नहीं- स्थानीय लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सिंडिकेट ने पहले बालू का भंडारण किया था, उसी गिरोह ने दोबारा बालू उठाने का काम किया. लोगों ने आरोप लगाया कि इलाके में बालू माफिया बेखौफ होकर काम कर रहे हैं और उन्हें प्रशासन का डर नहीं रह गया है.

ग्रामीणों का कहना है कि ईचागढ़ और आसपास के इलाकों में सुवर्णरेखा नदी घाटों से लगातार अवैध बालू उठाव जारी है. दिन-रात ट्रैक्टर और भारी वाहनों के जरिए बालू की सप्लाई की जा रही है. लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध बालू कारोबारियों का नेटवर्क काफी मजबूत हो चुका है. गौरतलब है कि इससे पहले भी जब्त किए गए अवैध बालू के गायब होने का मामला सामने आ चुका है. अब एक बार फिर ऐसी घटना ने प्रशासन की कार्रवाई और पुलिस की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने कहा…

मामले को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब बालू प्रशासन द्वारा जब्त किया गया था और उसकी निगरानी थाना की जिम्मेदारी थी, तो इतनी बड़ी मात्रा में बालू आखिर गायब कैसे हो गया. क्या पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी या फिर कहीं न कहीं मिलीभगत का मामला है. इस संबंध में पूछे जाने पर अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने कहा कि उन्हें बालू चोरी की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि जब्त सामग्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी थाना प्रभारी की होती है. वहीं चोरी के मामले में उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि मामले को देखा जाएगा.

ALSO READ: 90 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ पेट्रोल डीजल , नयी दरें लागू

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *