Hazaribagh: जिले से एक रूह कंपाने वाली बड़ी खबर सामने आई है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दंदाहा नदी से सोमवार को तीन लापता भाई-बहनों के शव बरामद किए गए हैं. मृतकों में दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं. एक साथ तीन शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और तनाव का माहौल है.
लापता होने के 5 दिन बाद मिले शव
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान खुशी, सानिया और आदिल के रूप में हुई है. ये तीनों आपस में मौसेरे भाई-बहन बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि तीनों बीते 23 अप्रैल से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थे. परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो मुफस्सिल थाने में गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी.
परिजनों का पुलिस पर गंभीर आरोप
सोमवार को जैसे ही ग्रामीणों ने नदी में शवों को तैरते देखा, इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का बड़ा आरोप लगाया है. हमने समय पर शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई. अगर सही समय पर कार्रवाई होती, तो शायद आज हमारे बच्चे जीवित होते.
हत्या या दुर्घटना? जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने साफ तौर पर इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है. उनका कहना है कि जिस तरह से शव बरामद हुए हैं, वह किसी गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहे हैं. ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
यह भी पढ़ें: 7 दिन में कागज दुरुस्त करो वरना जब्ती तय! बच्चों को ढोने वाले वाहनों पर RTA का ‘सख्त एक्शन’
