Ranchi : गरीब और जरूरतमंद परिवारों को संबल देने और संकट की घड़ी में उनके आर्थिक बोझ को कम करने के लिए झारखंड सरकार ने संवेदनशील कदम उठाया है. पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधीन कार्यरत झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड ने निर्णय लिया है कि अंतिम संस्कार (शवदाह) के लिए अब जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क जलावन लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी.

इन प्रमंडलों के वनागारों में मिलेगी यह विशेष सुविधा
निगम द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस जन कल्याणकारी योजना की शुरुआत राज्य के प्रमुख क्षेत्रों से की जा रही है. शुरुआती चरण में यह मुफ्त सुविधा निम्नलिखित प्रमंडलों के विभिन्न वनागारों (डिपो) में उपलब्ध कराई जाएगी. जिनमें रांची प्रमंडल, धालभूम प्रमंडल, हजारीबाग प्रमंडल, डालटेनगंज प्रमंडल, गढ़वा प्रमंडल और गिरिडीह प्रमंडल शामिल हैं. इन चिन्हित प्रमंडलों के अंतर्गत आने वाले वनागारों को निर्देश दे दिया गया है कि वे आपात स्थिति में जरूरतमंदों को बिना किसी देरी के लकड़ी मुहैया कराएं.
मदद के लिए जारी हुआ टोल-फ्री नंबर
योजना का लाभ उठाने के लिए और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एक समर्पित हेल्पलाइन भी शुरू की है. इसके लिए टोल-फ्री नंबर 18008891131 जारी किया गया हैं. इस टोल-फ्री नंबर पर कॉल करके संबंधित वनागारों से निशुल्क जलावन लकड़ी प्राप्त करने की प्रक्रिया और स्थान की त्वरित जानकारी ली जा सकती है.
ALSO READ : आरजी कर मेडिकल कॉलेज : दुष्कर्म और हत्या मामले में संदीप घोष के खिलाफ ईडी जांच की अनुमति, तीन आईपीएस निलंबित
