Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले की 22वीं पुलिस अधीक्षक के रूप में 2013 बैच की IPS अधिकारी निधि द्विवेदी ने रविवार को पदभार ग्रहण कर लिया. जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर जिले के पुलिस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. SP का कार्यभार संभालते ही निधि द्विवेदी ने अपने सख्त इरादे जाहिर कर दिए. उन्होंने साफ कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और अपराधियों के लिए किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी. आम जनता की सुरक्षा उनकी पहली जिम्मेदारी है.
बता दें, इससे पूर्व निधि द्विवेदी पाकुड़ जिले की SP रह चुकी हैं. वहां अपने कड़े प्रशासनिक फैसलों और अनुशासन के लिए जानी जाती हैं. उनके कार्यकाल में कई संगीन मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई देखने को मिली, जिससे उनकी एक निडर और प्रभावी अधिकारी की छवि बनी है.
जीरो टॉलरेंस की नीति पर होगा काम
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में SP निधि द्विवेदी ने कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम होगा. किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. अवैध शराब, बालू खनन, नशे के कारोबार और संगठित अपराध पर विशेष फोकस रहेगा. उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा, कि जनसहभागिता से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है, थानों में लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन होगा, बीट पुलिसिंग को मजबूत कर गांव-गांव तक पुलिस की पहुंच बनाई जाएगी. SP निधि द्विवेदी के पदभार ग्रहण के साथ ही जिले में पुलिसिंग को लेकर नई उम्मीद जगी है.
यह भी पढ़ें: जेपीएससी परीक्षार्थी से बरही में लूटपाट, मारपीट कर ओवरब्रिज के पास फेंका
