Simdega: जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र के नवाटोली इलाके में शनिवार की सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक युवती को निशाना बनाते हुए उसके सिर में गोली मार दी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है. घायल युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
सुबह के समय अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 4:00 बजे की है. नवाटोली निवासी मोहम्मद हुसैन की 22 वर्षीय पुत्री जेबा परवीन अपने घर में सो रही थी, तभी अज्ञात अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया. अपराधी जेबा के सिर में गोली मारकर मौके से फरार हो गए. सुबह-सुबह हुई इस फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. जहां जेबा खून से लथपथ तड़प रही थी.

परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है.
ALSO READ: झारखंड पुलिस : बड़े पैमाने पर प्रमोशन, सब-इंस्पेक्टर बनेंगे इंस्पेक्टर, देखें पूरी सूची और निर्णय
