Simdega: सिमडेगा जिले के महाबुआंग थाना में पदस्थापित जवान राजू तिर्की की रविवार सुबह अपनी ही बंदूक से चली गोली लगने से मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.
मिली जानकारी के अनुसार राजू तिर्की (सिपाही संख्या 703) रांची जिले के तिगरा गांव के निवासी थे. उनकी नियुक्ति वर्ष 2012 में सिमडेगा जिला पुलिस में हुई थी. वे 2011 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में महाबुआंग थाना में पदस्थापित थे.


बंदूक की सफाई के दौरान चली गोली
बताया गया कि रविवार सुबह वे अपनी सर्विस बंदूक की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब जाने से गोली उनके सिर में लग गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद साथी जवानों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा और पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे. विधायक ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वे शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं.
ALSO READ: जेटेट में भोजपुरी-मगही की एंट्री को लेकर पांच मंत्रियों की कमेटी कल करेगी मंथन
वहीं सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटनावश गोली चलने का प्रतीत हो रहा है. उन्होंने कहा कि बंदूक की सफाई के दौरान संभवतः अचानक गोली चल गई, जिससे जवान की मौत हुई. मामले की जांच एसडीपीओ और डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं.
सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जवान के शव को पुलिस लाइन में अंतिम सलामी दी जाएगी. इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद लकड़ा सहित कई पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी.
