Jamtara: पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने रविवार को नारायणपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान थाना में दर्ज अपराध से संबंधित मामलों, कांडों की प्रगति, अभिलेखों तथा विभिन्न पंजियों की गहन जांच की गई. एसपी ने थाना परिसर, मालखाना, रिकॉर्ड रूम एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

अपराध और लंबित मामलों की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण तथा लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित निष्पादन और आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया.
Also Read: जमशेदपुर : टिनप्लेट हॉस्पिटल के 51 कर्मियों को काम से निकालने का नोटिस, मजदूरों में आक्रोश
पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर
एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की बड़ी त्रुटि नहीं पाई गई है. उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए पुलिसिंग को और अधिक बेहतर एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया. साथ ही अपराध नियंत्रण को लेकर सतर्कता बरतने और नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया.
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे अधिकारी
मौके पर थाना प्रभारी मुराद हसन, एसडीपीओ वसीम रज़ा सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.
