Chakardharpur: को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से चक्रधरपुर नगर परिषद् द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. नगर परिषद् अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय कुमार साव के निर्देशानुसार नगर परिषद् क्षेत्र के सभी वार्डों में सड़कों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों की व्यापक साफ-सफाई कराई जा रही है. अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है. अभियान में नगर परिषद् के सभी वार्ड पार्षद सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. विशेष रूप से वार्ड संख्या-17 के वार्ड पार्षद विनय बर्मन द्वारा स्वच्छता अभियान में निभाई जा रही सक्रिय भूमिका एवं जनसहभागिता की नगर परिषद् ने सराहना की है. नगर परिषद् ने उनके साथ-साथ सभी वार्ड पार्षदों, सफाई कर्मियों एवं अभियान से जुड़े कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से शहर में स्वच्छता व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है.
स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है
नगर परिषद् के उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है. उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों एवं दुकानों का कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें तथा नगर परिषद् के स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदार बनें. उन्होंने कहा कि यदि नगर परिषद् और आम नागरिक मिलकर स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दें, तो चक्रधरपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जा सकता है. नगर परिषद् भविष्य में भी ऐसे विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर चलाती रहेगी, ताकि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो तथा लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें. आइए, हम सभी मिलकर स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ चक्रधरपुर के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें तथा अपने शहर को स्वच्छता की नई पहचान दिलाएँ.
ALSO READ : IND vs ENG: भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त
