Bokaro: निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सोमवार को समाहरणालय परिसर से एलईडी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रचार वाहन को रवाना किया. इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गीत-संगीत के माध्यम से नशे को ना, जिंदगी को हां, का संदेश दिया गया. इस अवसर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीडीसी एवं अन्य अधिकारियों ने जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा गुब्बारे उड़ाकर नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया. यह अभियान विभिन्न विभागों द्वारा 15 से 26 जून तक जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: एनडीए की बैठक में 17 का दम, बाकी सब पूर्व सूचित सिंड्रोम के शिकार, कल से एक साथ रहेंगे एनडीए विधायक
नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ
इसके बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने उपस्थित सभी लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई. शपथ के दौरान सभी ने देश, समाज, परिवार एवं स्वयं को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने तथा युवाओं को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया. उपस्थित सभी लोगों ने शपथ का क्रमवार दोहराव किया. शपथ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, पर्यवेक्षिकाएं एवं विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे. सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार, समुदाय एवं कार्यक्षेत्र में भी लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया.
जिले के विभिन्न प्रखंडों में चलेगा जागरूकता अभियान
यह एलईडी प्रचार वाहन आगामी दिनों में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर निषिद्ध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों एवं नशा मुक्ति के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा. वाहन के माध्यम से एलईडी स्क्रीन पर जागरूकता संबंधी वीडियो, संदेश एवं अन्य सूचनात्मक सामग्री प्रदर्शित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जा सके.
नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाने का प्रयास : डीसी
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है. बोकारो जिले में पूर्व से ही इस दिशा में लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं, और आज जागरूकता प्रचार वाहन को रवाना कर अभियान को और गति प्रदान की गई है. उन्होंने कहा कि नशा केवल किसी एक व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को इसके दुष्परिणाम भुगतने पड़ते हैं. अंततः इसका असर समाज, राज्य और देश की प्रगति पर भी पड़ता है. इसलिए नशे को छोड़कर जीवन को संवारना और अपने भविष्य को बेहतर बनाना अत्यंत आवश्यक है. उपायुक्त ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे नशे से दूर रहने का संकल्प लें. उन्होंने कहा कि जो लोग नशे की लत का शिकार हो चुके हैं, उनके लिए इससे बाहर निकलना कठिन अवश्य है, लेकिन असंभव नहीं. आवश्यकता केवल दृढ़ इच्छाशक्ति और एक मजबूत ‘ना’ कहने की है. संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ नशामुक्त जीवन की शुरुआत की जा सकती है. उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इसकी आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ना भी उतना ही आवश्यक है. नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े स्रोतों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है. पिछले कुछ दिनों में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कई कड़े कदम उठाए गए हैं. प्रशासन नशे के नेटवर्क को बेनकाब कर उसकी जड़ों तक पहुंचने और उसे पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है. जिले को नशामुक्त बनाने के लिए सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: आजसू पार्टी चंदनकियारी प्रखंड महिला कमिटी का गठन, 22 जून को धनबाद चलने का किया गया आह्वान
जागरूकता और सामूहिक सहभागिता से ही बनेगा नशामुक्त समाज : एसपी
मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की जा रही है. पंचायत, प्रखंड एवं सामाजिक स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर अभियान संचालित किए गए हैं. जहां आवश्यक पाया गया है, वहां कार्रवाई भी की गई है तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. उन्होंने कहा कि समाज में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है. इसी उद्देश्य से आगे भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को यह संदेश दिया जा सके कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित कर उसे संकट में डाल देता है. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग की आवश्यकता है. सामूहिक प्रयास से ही जिले को नशामुक्त बनाया जा सकता है तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सकता है. इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान की भी शुरुआत की गई. डीसी-एसपी समेत कई अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति का संदेश दिया.



