NEWS DESK: भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में मंगलवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से हड़कंप मच गया. सुबह-सुबह आए इस भूकंप से लोग दहशत में आ गए. झटके इतने तेज थे कि सो रहे लोग अचानक जाग गए और अपनी सुरक्षा के लिए घरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए. National Centre for Seismology (NCS) ने भूकंप की पुष्टि की है.
रिक्टर स्केल पर 5.2 रही तीव्रता
एनसीएस के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 दर्ज की गई. भारतीय समयानुसार यह भूकंप सुबह 5 बजकर 59 मिनट 33 सेकंड पर आया. तीव्रता अधिक होने के कारण इसके झटके काफी जोरदार महसूस किए गए.
कामजोंग में था भूकंप का केंद्र
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र मणिपुर के कामजोंग क्षेत्र में था. यह भूकंप जमीन की सतह से लगभग 62 किलोमीटर की गहराई में आया, जिसे वैज्ञानिक रूप से मध्यम गहराई का भूकंप माना जाता है. राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है.
इस महीने पहले भी महसूस हुए थे झटके
गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. 3 अप्रैल की रात करीब 9:46 बजे दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा में धरती हिली थी. उस समय भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था और झटके कई सेकंड तक महसूस किए गए थे.
इसें भी पढ़े: हज यात्रा पर रवाना हुए दंपती, लोगों ने दी मुबारकबाद और की दुआएं
