RANCHI: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद मिले झारखंड को बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य में व्याप्त कुशासन और प्रशासनिक मनमानी को खत्म करने के लिए नई शक्ति के साथ आगे आने की जरूरत है.
कोकोदोरो मुखिया उज्ज्वल पाहन समर्थकों के साथ आजसू में शामिल
शनिवार को कांके प्रखंड के कोकोदोरो पंचायत के मुखिया उज्ज्वल पाहन ने अपने दर्जनों समर्थकों, पंचायत प्रतिनिधियों और पिठौरिया क्षेत्र के समाजसेवियों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. सुदेश महतो ने अपने बुकरु स्थित आवासीय कार्यालय में सभी का स्वागत किया.
सरकार पर लगाए कई आरोप
सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य में अफसरों की मनमानी चरम पर है और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है. ट्रेजरी से पैसों की लूट हो रही है और संसाधनों का दुरुपयोग जारी है. जेटेट परीक्षा को लेकर सरकार का रवैया सुस्त है, वहीं महिलाएं और बच्चे राज्य में सुरक्षित नहीं हैं.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान और कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शाहदेव मुख्य रूप से उपस्थित थे. सदस्यता लेने वालों में वार्ड सदस्य दीपक उरांव, लोक अधिकार पार्टी के रांची जिलाध्यक्ष अशोक राज, महासचिव सूरज गोप सहित विनोद मुंडा, विशाल राम और राजेंद्र लिंडा जैसे कई सक्रिय कार्यकर्ता शामिल रहे.
