Pakur: पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामघाटी गांव में बीती मध्य रात्रि चोरों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मनोज भगत के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और भारी मात्रा में नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
शादी में गया था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मनोज भगत अपने पूरे परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से एक शादी समारोह में शामिल होने अमड़ापाड़ा गए हुए थे. घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. सुबह जब मनोज भगत के भाई ने घर की स्थिति देखी, तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने तत्काल फोन के माध्यम से मनोज भगत को घटना की जानकारी दी.
खिड़की काटकर घर में दाखिल हुए अपराधी
घटना की सूचना मिलते ही पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार मेहतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बारीकी से छानबीन की. प्राथमिक जांच में पाया गया कि चोरों ने घर के दक्षिण दिशा में स्थित खिड़की को किसी कटर मशीन या धारदार हथियार से काटकर प्रवेश किया था. घर के अंदर रखे आलमारी और बक्सों के ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों के अनुसार, चोर लाखों की नकदी और कीमती गहने लेकर फरार होने में सफल रहे.
जिले के बाद अब गांवों में बढ़ी सक्रियता
इस घटना ने स्थानीय ग्रामीणों के बीच हड़कंप मचा दिया है. बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले घर की रेकी की और फिर इस वारदात को अंजाम दिया, जो जिले में पहले सक्रिय रहे गिरोहों के काम करने के तरीके से मिलता-जुलता है. अब तक शहर तक सीमित रहने वाले चोरों ने अब ग्रामीण इलाकों में भी अपनी पैठ बनानी शुरू कर दी है.
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास के संदिग्धों और पूर्व के अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है. अब देखना यह है कि पाकुड़िया पुलिस इस चुनौती को स्वीकार कर अपराधियों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है.
यह भी पढ़ें: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: रोलिंग ब्लॉक के कारण कोचिंग ट्रेनों के परिचालन में परिवर्तन, कई ट्रेनें रद्द
