Ranchi: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में रांची स्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए JPSC और JSSC सहित सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच कराने की मांग उठाई.
पिछले छह वर्षों में राज्य की भर्ती परीक्षाएं लगातार विवादों में ; भाजपा
भाजपा नेताओं का आरोप था कि पिछले छह वर्षों में राज्य की भर्ती परीक्षाएं लगातार विवादों में रही हैं. पार्टी का कहना है कि JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती और शिक्षक नियुक्ति जैसी कई परीक्षाओं में गड़बड़ी के आरोप लगे, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ.
सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं; आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं को बार-बार निराशा मिली है. उन्होंने आरोप लगाया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं रही और सरकार युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय चुप्पी साधे हुए है. उन्होंने मांग की कि 14वीं JPSC परीक्षा समेत सभी विवादित भर्ती मामलों की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके. आदित्य साहू ने कहा कि यदि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है तो उसे CBI जांच से डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकारों की लड़ाई आगे भी सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी.
बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि JPSC और JSSC जैसी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं. उन्होंने दावा किया कि JPSC मामले में चल रही CID जांच केवल औपचारिकता है और इससे पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी. मरांडी ने कहा कि JPSC प्रकरण, JSSC भर्ती विवाद और संबंधित नियुक्तियों की जांच CBI से कराई जानी चाहिए. उनका आरोप था कि सरकार बड़े लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है और इसी कारण निष्पक्ष जांच नहीं हो पा रही है.
निष्पक्ष जांच की मांग; भाजपा
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजपा ने साफ कहा कि जब तक भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा.
ALSO Read: पंचायतों के डिजिटलीकरण को मिलेगी रफ्तार, VLE को ई-ग्राम स्वराज व GPDP पोर्टल का प्रशिक्षण
