Ranchi: नगर निगम की छोटी-छोटी सेवाओं के लिए अब लोगों को बार-बार निगम मुख्यालय, कचहरी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. रांची नगर निगम शहर के अलग-अलग इलाकों में सर्किल ऑफिस खोलने की तैयारी कर रहा है. यहां लोगों को अपने क्षेत्र के पास ही नगर निगम की कई सुविधाएं मिलेंगी.

इसी योजना के तहत नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम की टीम के साथ शहर के 7 जगहों का निरीक्षण किया. इनमें बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा, शाखा मैदान धुर्वा, नायक टोली हटिया और डोरंडा शामिल हैं.
एक ही जगह कई काम होंगे
प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में लोगों को कई काम के लिए सुविधा मिलेगी. इनमें—
जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र का काम
होल्डिंग टैक्स और वाटर टैक्स से जुड़े काम
ट्रेड लाइसेंस के लिए आवेदन और भुगतान
प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आवेदन
सिविल वर्क से जुड़ी शिकायत
नगर निगम की अन्य जरूरी सेवाएं शामिल हैं.
भवनों में होगी जरूरी व्यवस्था
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को भवनों की मरम्मत, सफाई, रंग-रोगन, बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. लोगों के बैठने के लिए शेड और प्रतीक्षास्थल बनाने को भी कहा गया है.
वार्ड-41 के शाखा मैदान धुर्वा में खाली जमीन पर कम्युनिटी टॉयलेट और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश भी दिया गया.
निगम मुख्यालय में भीड़ होगी कम
नगर आयुक्त ने कहा कि अभी शहर के कई इलाकों के लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए कचहरी स्थित निगम मुख्यालय आना पड़ता है. इससे लोगों का समय और आने-जाने का पैसा खर्च होता है. साथ ही निगम मुख्यालय में भीड़ बढ़ती है.
सर्किल ऑफिस शुरू होने के बाद लोगों को अपने इलाके के पास ही कई सेवाएं मिल सकेंगी. इससे निगम की सेवाएं लोगों के लिए आसान और नजदीक होंगी.
नगर निगम बोर्ड की सहमति के बाद इन केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा. निगम का लक्ष्य है कि सेवा लेने के लिए नागरिक निगम तक न आएं, बल्कि निगम की सेवाएं नागरिकों के घर के और करीब पहुंचें.
ALSO READ: अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका जामताड़ा, डॉ. भास्कर चंद को डॉक्टरेट सम्मान

