Ranchi: स्टेशन रोड से पटेल चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में रांची नगर निगम और पुलिस की टीम संयुक्त रूप से मौजूद है. राजधानी रांची के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस इलाके में फुटपाथ दुकानदारों और अवैध रूप से वाहन पार्क करने वालों पर कार्रवाई की गई.
जाम और आवागमन की परेशानी को लेकर चला अभियान
अतिक्रमण की वजह से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों की ट्रेन छूटने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं. खासकर शाम के समय स्टेशन रोड और आसपास के इलाकों में लंबा जाम लगने से आम लोगों को काफी दिक्कत होती है.

इन्हीं समस्याओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुचारू होगी और लोगों को राहत मिलेगी.
ALSO READ: विधिक सेवा प्राधिकार सचिव ने वात्सल्य धाम का किया निरीक्षण, बच्चों से की आत्मीय संवाद
दुबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी
अभियान के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी. वहीं रांची नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करते दिखे.
पुलिस ने दुकानदारों को दोबारा सड़क किनारे दुकान नहीं लगाने की सख्त चेतावनी दी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा.

