West Singhbhum : चक्रधरपुर शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला नगर क्षेत्र के बांग्लाटांड़ वार्ड संख्या-19 का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. जानकारी के अनुसार, मोहम्मद साहब के घर के सभी सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा 12 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए.
Also Read : राउरकेला स्टेशन पर प्रसव में मदद करने वाले आरपीएफ जवान और रेलवे कर्मी सम्मानित

घर लौटे परिजनों के उड़ गए होश
जब परिवार के सदस्य वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाने पर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी. खबर लिखे जाने तक परिजन मामले की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना जा रहे थे.
Also Read : झीलों और पर्यटन के लिए मशहूर हजारीबाग अब सुरक्षा एजेंसियों की नजर में भी अहम, कई बड़ी जांचों का बना केंद्र
बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता
शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता और असुरक्षा का माहौल है. लोगों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाने की जरूरत है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने और क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है. पुलिस मामले की शिकायत मिलने के बाद आगे की जांच और कार्रवाई में जुटेगी.


