दुमका: जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित डंगालपाड़ा मोहल्ले में मंगलवार सुबह उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय ग्रामीणों ने चोरी के संदेह में एक युवक को पकड़ लिया. गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से इलाके में हो रही लगातार चोरी की घटना से नाराज लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और उसे रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया.
टोटो से भागने की कोशिश में पकड़ाया आरोपी
जानकारी के अनुसार, डंगालपाड़ा और आसपास के इलाकों में पिछले तीन-चार दिनों से दुकानों के ताले टूटने और कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं बढ़ गई थीं. इससे स्थानीय निवासियों में काफी गुस्सा था. मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को टोटो (ई-रिक्शा) से जाते हुए देखा. पहचान होने पर लोगों ने उसे तुरंत घेर लिया. पकड़े गए आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के ही जारवाडीह निवासी तैयब अंसारी के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़े : Jamshedpur Breaking:227 किलो का तीसरा जिंदा बम मिला, आज सेना करेगी निष्क्रिय, इलाका सील
ग्रामीणों ने बांधे हाथ-पैर, कानून को लिया हाथ में
लोगों आक्रोश इतना ज्यादा था कि युवक को पकड़ने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए और बीच सड़क पर ही पूछताछ शुरू कर दी.इस दौरान भीड़ में मौजूद कुछ उत्तेजित लोगों ने उसकी पिटाई भी की. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय गिरोह के कारण उनकी रातों की नींद उड़ गई है और पुलिस गश्ती के बावजूद चोरी थम नहीं रही हैं. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस डंगालपाड़ा पहुंची. पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपी तैयब अंसारी को ग्रामीणों के चंगुल से मुक्त कराया. पुलिस ने युवक को अपनी कस्टडी में लेकर इलाज और पूछताछ के लिए थाने ले गई है.
