Pakur: पाकुड़ सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित पाकुड़ हिरणपुर मुख्य सड़क किनारे मिक्सर मशीनों से निकलने वाला जहरीला धुआं लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है. लगातार निकल रहे इस धुएं से न केवल हवा प्रदूषित हो रही है, बल्कि जमीन और पानी भी प्रभावित हो रहे हैं.

जहरीले धुएं से बढ़ रही बीमारियां
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिक्सर मशीनों से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है. सांस से जुड़ी बीमारियां, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. लोगों का कहना है कि इस स्थिति ने रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बना दिया है.
ALSO READ: चांडिल डैम में बोटिंग के बीच दिखा हाथियों का झुंड, रोमांचित हुए पर्यटक- दलमा से पलायन पर उठे सवाल
अधिकारियों की नजर के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
बताया जा रहा है कि इसी सड़क से जिले के कई अधिकारी रोजाना गुजरते हैं, इसके बावजूद अब तक इस समस्या पर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. पॉल्यूशन विभाग की ओर से भी अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है.
पर्यावरण पर भी पड़ रहा असर
ग्रामीणों का कहना है कि मशीनों से निकलने वाला धुआं सीधे हवा में घुल जाता है, जिससे आसपास का वातावरण सांस लेने योग्य नहीं रह जाता. इसके साथ ही जमीन और पानी के दूषित होने का खतरा भी बढ़ गया है, जो भविष्य में और गंभीर समस्याओं को जन्म दे सकता है.
सड़क निर्माण कार्य से जुड़ा है मामला
दरअसल, यहां सड़क निर्माण कार्य के लिए मिक्सर मशीनों के माध्यम से पीच तैयार किया जाता है, जिसे बाद में वाहनों के जरिए निर्माण स्थल तक पहुंचाया जाता है. इसी प्रक्रिया के दौरान बड़ी मात्रा में धुआं निकल रहा है, जो लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है.
समाधान की मांग, कार्रवाई का इंतजार
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और सरकार से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. उनका कहना है कि मिक्सर मशीनों से निकलने वाले धुएं को नियंत्रित करने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं. लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को जल्द संज्ञान में लेकर आवश्यक कदम उठाएगा.
