बोकारो थर्मल में बिजली पोल लदा ट्रैक्टर पलटा, ठेका मजदूर की मौत; परिवार का इकलौता कमाने वाला था विनय

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के पिलपिलो मोड़ के पास मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो...

Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के पिलपिलो मोड़ के पास मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया. फुसरो पावर सबस्टेशन से बिजली के पोल लादकर कंजकिरो जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार 25 वर्षीय ठेका मजदूर विनय मुर्मू की पोल के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई.

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

ट्रैक्टर चालक मनोज मुर्मू ने बताया कि नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट स्थित कंजकिरो गांव में बिजली विभाग द्वारा पोल गाड़ने का कार्य चल रहा है. बुधवार को फुसरो सबस्टेशन से पोल लोड कर ट्रैक्टर कंजकिरो की ओर जा रहा था. इसी दौरान बोकारो थर्मल-पिलपिलो मुख्य मार्ग पर, एस्पॉन्ड से करीब 200 मीटर की दूरी पर ट्रैक्टर अचानक असंतुलित होकर पलट गया. दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर पर चालक सहित कुल चार मजदूर सवार थे.

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसा इतना भीषण था कि विनय मुर्मू भारी-भरकम बिजली के पोल के नीचे बुरी तरह दब गया. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद उसे पोल के नीचे से निकाला गया और तुरंत बोकारो थर्मल अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले जाया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के बाद संबंधित कंपनी ‘शिव इंटरप्राइजेज’ के ठेकेदार मनोज माझी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली.

ALSO READ: रांची: सदर थाना इलाके में युवक की चाकू से गोदकर हत्या

परिवार का इकलौता सहारा था विनय

मृतक विनय मुर्मू अंगवाली रामसिंह बेरा का रहने वाला था. वह अपने घर का बड़ा बेटा था और पूरे परिवार में अकेला कमाने वाला सदस्य था. विनय अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, एक बहन और दो छोटे भाइयों को छोड़ गया है. विनय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके और अंगवाली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *