Click Here
Click Here
Click Here

टोल टैक्स विवाद पर गुमला में व्यापारियों का शक्ति प्रदर्शन, लिखित आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

Gumla: चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने नागफेनी स्थित आंजन टोल प्लाजा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया....

Gumla: चेंबर ऑफ कॉमर्स के आह्वान पर शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने नागफेनी स्थित आंजन टोल प्लाजा पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने टोल से जुड़ी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. प्रशासन और टोल एजेंसी की ओर से दो दिनों के भीतर लिखित आश्वासन मिलने के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया.

व्यापारी एकता का दिखा दम

चेंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में आयोजित इस धरना प्रदर्शन में स्थानीय लोगों से कथित तौर पर मनमाने तरीके से वसूले जा रहे टोल टैक्स के खिलाफ व्यापारियों ने एकजुटता दिखाई. धरना प्रदर्शन के मुख्य संयोजक एफजेसीसीआई के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह नगर परिषद उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा कि स्थानीय लोगों के साथ टोल प्लाजा द्वारा की जा रही बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि राज्य के अन्य हिस्सों में स्थानीय लोगों को टोल में रियायत मिलती है, ऐसे में आंजन टोल प्लाजा की मनमानी नहीं चलेगी.

चेंबर अध्यक्ष ने दी चेतावनी

चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि इस मुद्दे पर पहले भी कई बार लिखित और मौखिक वार्ता की जा चुकी है. उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा करना चेंबर का पहला कर्तव्य है. गुमला के व्यापारी शांत और सहनशील हैं, लेकिन इसका गलत फायदा उठाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Also Read: तकनीक से विकास की नई राह: गुमला में जनजातीय गरिमा उत्सव के तहत एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित

तीन घंटे तक लगा रहा जाम

विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारी “व्यापारी एकता जिंदाबाद”, “टोल प्लाजा की मनमानी नहीं चलेगी” और “टैक्स वसूली बंद करो” जैसे नारे लगा रहे थे. करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण टोल प्लाजा के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई.

वार्ता के बाद निकला समाधान

बाद में टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर चमन कुमार साहू, साइट इंजीनियर पवन कुमार, सिसई सीओ अशोक बड़ाइक और सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार की मौजूदगी में लंबी वार्ता हुई. इसके बाद थाना प्रभारी और चेंबर के संयुक्त प्रयास से जाम में फंसे वाहनों को निशुल्क टोल फ्री पार कराया गया.

दो दिन में कार्रवाई का मिला भरोसा

बैठक में यह निष्कर्ष निकला कि दो दिनों के भीतर गुमला के स्थानीय निजी वाहनों को टोल से पूर्ण छूट देने के संबंध में उच्च अधिकारियों से बातचीत कर लिखित सूचना जारी की जाएगी. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया.

उग्र आंदोलन की चेतावनी

चेंबर अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा उग्र आंदोलन किया जाएगा.

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

मौके पर दीपक गुप्ता, दिनेश अग्रवाल, शशि प्रिया बंटी, अनमोल गुप्ता, राजेश सिंह, दामोदर कसेरा, अभिजीत जायसवाल, बबलू वर्मा, प्रणय कुमार, नीरज गुप्ता, प्रतीक अग्रवाल और अन्य बड़ी संख्या में व्यापारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *