GIRIDIH: गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलगो टोल प्लाजा के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार बगोदर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार गुड़ लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रकों से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक के बाद एक तीन ट्रक आपस में भिड़ गए.
तीनों ट्रकों में लगी भीषण आग
हादसे के तुरंत बाद तीनों ट्रकों में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए और दो ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में आ गए. इस दर्दनाक हादसे में गुड़ लदे ट्रक के चालक और उपचालक बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
इलाके में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के सामने सभी कोशिशें नाकाम रहीं. सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
डुमरी हादसे में दो की मौत की पुष्टि
इस हादसे में एक अन्य ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल रेफरल अस्पताल, डुमरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है.
डुमरी एसडीपीओ ने इस हादसे में चालक और उपचालक की मौत की पुष्टि की है. पुलिस के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच प्रक्रिया जारी है.
