Ranchi: झारखंड विधानसभा में चल रहे मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रदीप यादव ने पूछा कि तांती, ततवा, मंडल और जोलहा को बीसी वन में कब तक शामिल किया जाएगा. इस पर मंत्री दीपक बिरूआ ने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग ने अनुशंसा कर दी है. कुछ अंग्रेजी में डिफरेंस आ गया था. ये प्रक्रियाधीन है. इसे सही किया जा रहा है. प्रदीप यादव ने झारखंड प्रोबेशन सेवा के वेतनमान संशोधन एवं प्रोन्नति के लिए पद सोपान के निर्माण का मामला सदन में रखा. इस पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि इस पर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. इसे अतिशीघ्र पूरा किया जाएगा
पशुधन योजना में भेड़ पालन को भी जोड़ा गया है
नमन विक्सल कोंगाड़ी के सवाल पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कृषि बजट में अधिक से अधिक पशुपालन पर ही बजट का उपयोग हो रहा है. बकरी पालन और पॉलिट्री योजना लाई गई है. इस वर्ष पशुधन योजना में भेड़ पालन को भी जोड़ा गया है. जयराम महतो के सवाल पर मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि सहायक आचार्य के 26001 पदों में बीसी वन के 1975 और बीसी टू के 1473 पद थे. इसंमें 64 पद बीसी वन के और 159 पद बीसी टू के बच गए थे.
यह भी पढ़ें: मानसून सत्रः अनंत प्रताप देव ने कहा- स्मार्ट मीटर से बिजली उपभोक्ता काफी परेशान, मंत्री बोले- कोई गड़बड़ी नहीं
दोनों कांडों में हो गया है चार्जशीट
अरूप चटर्जी ने बोकारो के मिथिलेश कुमार अपहरण कांड और राजा बाबू अंसारी हत्याकांड का मामला सदन में रखा. इस पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि दोनों कांडों में चार्जशीट हो गया है. चलते सत्र में चार्जशीट की कॉपी उपलब्ध करा देंगे. जांच की आवश्यकता प्रतीत नहीं होती है. रामचंद्र सिंह ने ओपीएस का मामला सदन में रखा. इस पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार प्रक्रिया पूरी कर चुकी है. 3500 आवेदन निदेशालय से प्रोसेस किए जा चुके हैं. ये एनएसडीएल के पास लंबित हैं.
राज्य में नहीं बनी है आरक्षी चालक संवर्ग नियमावली
राजेश कच्छप के सवाल पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य में अब तक राज्य आरक्षी चालक संवर्ग (भर्ती प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्त) नियमावली नहीं बना है. ये फिलहाल प्रक्रियाधीन है. इस बावजूद चालक संवर्ग को 2011 और 2016 में प्रोन्नति दी गई है. अतिशीघ्र नियमावली बनाई जाएगी.
