Palamu: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत का असर पूरे देश के साथ-साथ झारखंड के पलामू जिले में भी देखने को मिला. इस जीत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. इसी क्रम में चैनपुर प्रखंड के शाहपुर स्थित विवेकानंद चौक पर डाल्टनगंज-भंडारिया विधायक आलोक चौरसिया के नेतृत्व में भव्य विजय जुलूस और जश्न का आयोजन किया गया.

आतिशबाजी और नारों से गूंजा माहौल
इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. पूरा इलाका ‘भारत माता की जय’, ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ और ‘भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद’ जैसे नारों से गूंज उठा. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, सांसद प्रतिनिधि भोला पांडे और प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Also Read: नामकुम अंचल से गायब रिकॉर्ड की जांच करे ACB : हाईकोर्ट
विधायक आलोक चौरसिया का बयान
विधायक आलोक चौरसिया ने इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि बंगाल, असम और पुडुचेरी की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि खासकर बंगाल में लंबे समय से लोगों की आवाज दबाई जा रही थी, लेकिन इस बार जनता ने जागकर जवाब दिया है. उन्होंने इस जीत को लोकतंत्र और जनता की जीत बताया और शीर्ष नेतृत्व व कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया.

जिला अध्यक्ष ने बताया विकास और राष्ट्रवाद की जीत
भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि यह जीत विकास और राष्ट्रवाद की जीत है. कार्यकर्ताओं में इतना उत्साह था कि लंबे समय तक जश्न चलता रहा. सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के प्रति आभार जताया और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया, ताकि आने वाले समय में भी इसी तरह सफलता मिलती रहे.
