Giridih: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर चदरा पुल के पास देर रात एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 24 वर्षीय तौफीक अंसारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मरने से पहले तौफीक ने हमलावरों के नाम भी उजागर किए, जिसका बयान मोबाइल में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है.
मिलने के बहाने बुलाया, फिर किया हमला
घटना के संबंध में मृतक के दोस्त अखलाख ने बताया कि रात करीब 12 बजे तौफीक के मोबाइल पर मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अम्बाटांड़ निवासी आसिफ अली का फोन आया. मिलने के लिए बुलाए जाने पर तौफीक अपने दोस्तों अखलाख, श्याम और एक अन्य साथी के साथ चदरा पुल पहुंचा.
वहां पहले से मौजूद आसिफ अली अपने साथियों बंटी टायसन, साकिब अली, मोनू पठान और अरशद के साथ खड़ा था. सभी ने मिलकर तौफीक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. जान बचाकर भागने के दौरान तौफीक गिर पड़ा, जिसके बाद हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.
मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ आखिरी बयान
मृतक के फुफेरे भाई बब्बन के अनुसार, घटना से पहले रात 12:22 बजे बंटी टायसन ने फोन कर विवाद की जानकारी दी थी. उन्होंने तौफीक को घर से बाहर नहीं जाने की सलाह दी, लेकिन वह दोस्तों के साथ निकल गया. हमले की सूचना मिलने पर जब वे मौके पर पहुंचे, तो तौफीक खून से लथपथ पड़ा था. मरने से पहले उसने साकिब, अरशद, मोनू पठान और आसिफ अली को हमलावर बताया. परिजनों का दावा है कि यह बयान मोबाइल में रिकॉर्ड भी किया गया है.
घटनास्थल से मिला मोबाइल, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा. छानबीन के दौरान मृतक का मोबाइल भी नाले से बरामद किया गया.
आपसी रंजिश में हत्या की आशंका
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पहले से एक आपराधिक मामले में वांछित रह चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था. हत्या के आरोपित भी आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं. प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है. पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ALSO READ: बदरीनाथ धाम में उमड़ा हजारों भक्तों का सैलाब, श्रद्धालुओं ने किए बदरी विशाल के दर्शन
