Koderma. जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोचनपुर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान लोचनपुर निवासी राजा रजक, पिता राजेश रजक, के रूप में की गई है.
नहाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, राजा रजक रविवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से कुछ दूरी पर खेत में स्थित एक कुएं में नहाने गया था. नहाने के क्रम में कुएं के चबूतरे पर उसका पांव फिसल जाने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिर गया. आसपास मौजूद अन्य युवकों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को वहां एकत्र कर लिया.
ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राजा को कुएं से निकालने में जुट गए. कुएं की गहराई ज्यादा होने तथा कुएं में सीढ़ी नहीं होने के कारण कड़ी मशक्कत के बाद उसे कुएं से बाहर निकाला जा सका.
Also Read: पलामू: NEET परीक्षा को लेकर DC-SP रहे अलर्ट, परीक्षा केंद्रों पर जाकर लिया जायजा
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
इसके बाद ग्रामीणों द्वारा गंभीर अवस्था में युवक को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कार्रवाई कर रही है.


