Giridih: जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के अहिल्यापुर और बरकार के बीच गुरुवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में धनबाद जिले के एक 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
भीषण टक्कर में एक घायल, एक की मौत
मृतक की पहचान धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के गुलियाडीह निवासी अयोध्या प्रसाद यादव (61) के रूप में हुई है. वहीं हादसे में भगरु यादव (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज धनबाद में चल रहा है. परिजनों ने बताया कि अयोध्या प्रसाद यादव का अपने मामा के घर अक्सर आना-जाना लगा रहता था. गुरुवार को भी वे अपने मामा के घर आए थे. देर रात वे भगरु यादव के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर गुलियाडीह लौट रहे थे. इसी दौरान अहिल्यापुर और बरकार के बीच तेज रफ्तार से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे. हादसे में अयोध्या प्रसाद यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि भगरु यादव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे.
अचानक हुई मौत से पूरा परिवार है सदमे में
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तत्काल मृतक के मामा के परिवार और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अयोध्या प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि भगरु यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. परिवार के सदस्यों ने बताया कि अयोध्या प्रसाद यादव मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और उनकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है. अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया.
चालक की तलाश में जुटी है पुलिस
इधर ताराटांड़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार अज्ञात वाहन एवं उसके चालक की तलाश में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वाहन की पहचान होते ही चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार और हिट एंड रन की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है.
ALSO READ : रोजगार योजना में खेल होगा खत्म, सरकार का बड़ा एक्शन, 400 कैमरों से होगी ट्रेनिंग सेंटर की लाइव निगरानी
