Palamu: जिला स्कूल में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में राजकीय +2 उच्च विद्यालय हरीनामांड के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया है. विद्यालय की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
जल संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता मॉडल को मिली सराहना
विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय की छात्राओं आरुषि कुमारी, स्वाति कुमारी, खुशबू कुमारी और प्रीति कुमारी की टीम ने जल संरक्षण एवं जल संचयन विषय पर मॉडल प्रस्तुत किया, जिसे निर्णायकों ने काफी सराहा और द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया. वहीं, नेहा कुमारी, सीता कुमारी, स्वाति कुमारी और सोनी कुमारी द्वारा तैयार स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता विषयक मॉडल की भी अधिकारियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने जमकर प्रशंसा की.
पढ़ाई के साथ सह-पाठ्य गतिविधियों में भी आगे विद्यालय
राजकीय +2 उच्च विद्यालय हरीनामांड पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. विद्यालय का इस वर्ष मैट्रिक और इंटर (कला एवं विज्ञान) का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है. इंटर विज्ञान संकाय में अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति के बाद विद्यार्थियों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि बढ़ी है. वर्तमान में विद्यालय में इंटर विज्ञान में नामांकन प्रक्रिया जारी है.
शिक्षकों ने बढ़ाया छात्रों का हौसला
विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों का उत्साह बढ़ाने के लिए रसायन विज्ञान शिक्षक शैलेंद्र शर्मा, जीव विज्ञान शिक्षक आनंद कुमार और भौतिकी शिक्षक रितेश दुबे मौजूद रहे. विद्यालय की इस सफलता पर शिक्षकों ने कहा कि छात्रों की मेहनत और रचनात्मक सोच का यह परिणाम है. उन्होंने भविष्य में भी विद्यार्थियों को इसी तरह नए प्रयोगों और नवाचारों के लिए प्रेरित करने की बात कही.
